X Close
X

हिन्दुस्तान जिंक के ऑस्ट्रेलियन इंजीनियर के शव का पोस्टमार्टम हुआ।


WhatsApp-Image-2020-03-27-at-22.27.34-1.jpeg
हिन्दुस्तान जिंक के ऑस्ट्रेलियन इंजीनियर के शव का पोस्टमार्टम हुआ। भीलवाड़ा (अटल हिन्द ब्यूरो )वेदांता समूह से जुड़े हिन्दुस्तान जिंक की भीलवाड़ा स्थित रामपुरा अगूचा माइंस के इंजीनियर रिचर्ड के शव का 14 अप्रैल को अजमेर के जवाहर लाल नेहरू अस्पताल में पोस्टमार्टम हुआ। पोस्टमार्टम की प्राथमिक रिपोर्ट के अनुसार इंजीनियर रिचर्ड की मौत हृदय गति रुक जाने से हुई है। मृतक रिचर्ड अजमेर जिले के बिजयनगर कस्बे की एक होटल वैभव वाटिका में रह रहा था। बियजनगर के थाना अधिकारी विजय सिंह रावत ने बताया कि गत 9 अप्रैल को रिचर्ड की मृत्यु हो गई थी। 14 अप्रैल को पोस्टमार्टम करवा शव को सड़क मार्ग से एम्बुलैस के साथ दिल्ली भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार कार्गो विमान से शव को दिल्ली से ऑस्ट्रेलिया भेजा जाएगा। शव का पोस्टमार्टम करवाने और दिल्ली तक जाने में भारत स्थित ऑस्ट्रेलिया दूतावास के अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। हालांकि रिचर्ड हिन्दुस्तान जिंक की माइंस में इंजीनियर की भूमिका निभा रहा था, लेकिन रिचर्ड सीधे तौर पर हिन्दुस्तान जिंक अथवा वेदांता समूह का कर्मचारी नहीं था। असल में वेदांता समूह ने अपनी रामपुरा अगूचा माइंस से खानिज निकालने का ठेका विदेशी कंपनी बर्घिमको दे रखा है। इस कंपनी के माध्यम से ही कार्मिकों की भर्ती होती है। कंपनी ने ही बिजयनगर की होटल को किराये पर ले रखा था। इस होटल में मौजूदा समय में भी बीस से ज्यादा विदेशी नागरिक रह रहे हैं। जानकारी के मुताबिक इस होटल में रहने वाले विदेशी नागरिकों का कुछ दिन पहले ही कोरोना वायरस का टेस्ट हुआ था। सभी के टेस्ट नेगेटिव आए हैं। सूत्रों के अनुसार इंजीनियर रिचर्ड के बेटे की मौत सड़क दुर्घटना में हो गई थी और पत्नी भी कौमा में है। रिचर्ड तत्काल ऑस्ट्रेलिया जाना चाहता था, लेकिन लॉकडाउन में अंतर्राष्ट्रीय उड़ाने बंद हैं, इसलिए रिचर्ड ऑस्ट्रेलिया नहीं जा सका। बेटे की मृत्यु और पत्नी के कौमा में होने की वजह से ही सदमे में रिचर्ड की मौत होना बताया जा रहा है। वहीं हिन्दुस्तान जिंक के सूत्रों का कहना है कि लॉकडाउन की वजह से इन दिनों अगूचा माइंस पर काम बंद पड़ा है। 
Atal Hind